दुनिया के 15 सबसे गर्म शहरों में भारत के 10, पाक के 5 शामिल

दुनिया के 15 सबसे गर्म शहरों में भारत के 10, पाक के 5 शामिल

नई दिल्ली । पिछले चौबीस घंटों के दौरान दुनिया में सर्वाधिक गर्म रहे 15 शहरों में से 10 शहर भारत के हैं। अन्य 5 शहर पड़ोसी देश पाकिस्तान के हैं। मौसम पर निगरानी रखने वाली वेबसाइट अल डोराडो ने यह जानकारी दी है। राजस्थान की राजधानी जयपुर से 20 किमी दूर स्थित चुरू मंगलवार को 50 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सर्वाधिक गर्म शहर रहा। थार रेगिस्तान के द्वार के रूप में पहचाने जाने वाले चुरू के साथ ही पाक का जकोबाबाद भी मंगलवार को दुनिया का सर्वाधिक गर्म शहर रहा। राजस्थान के 3 अन्य शहर बीकानेर, गंगानगर एवं पिलानी भी इस सूची में शामिल रहे। सूची में दो शहर यूपी एवं दो महाराष्ट्र के हैं। यूपी के बांदा एवं हरियाणा के हिसार में भी मंगलवार को 48 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। गर्म शहरों की सूची में शामिल अन्य स्थानों में नई दिल्ली 47.6 डिग्री से., बीकानेर 47.4, गंगानगर 47, झांसी 47, पिलानी 46.9, नागपुर सोनेगांव 46.8 एवं अकोला 46.5 दोनों महाराष्ट्र के नाम शामिल हैं।

 चूरू में दूसरे दिन भी पारा 49.6 डिग्री पर

राजस्थान के चूरू में लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर में पारा 48.9 डिग्री सेल्सियस, वहीं बीकानेर में यह 48 डिग्री रहा। नारनौल में पारा 47 डिग्री तथा हिसार में 46 डिग्री पर रहा। उत्तर प्रदेश के बांदा में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री और झांसी में 46.7 डिग्री रहा। राजधानी दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

                                               

 प्रदेश में कई स्थानों पर पारा 46 डिग्री के आसपास

भोपाल। भीषण गर्मी के बीच बुधवार को मध्यप्रदेश के कई स्थानों पर पारा 46 डिग्री के आसपास पहुंच गया, जिसके चलते राजधानी भोपाल सहित अन्य कई स्थानों पर जमकर तपिश देखी गई। प्रदेश का सबसे अधिक तापमान खजुराहो, नौगांव, रीवा, खरगोन, ग्वालियर, दतिया एवं मुरैना में रहा, जहां पारा 46 डिग्री या इससे अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों के अनुसार राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं का प्रभाव राजधानी भोपाल सहित प्रदेश भर में देखा गया।

 गुलमर्ग में मौसम सुहाना 

नई दिल्ली। स्कीइंग रिसॉर्ट गुलमर्ग में पूरे दिन मौसम सुहाना बना रहा। वहां दिन भर सूरज की लुका-छिपी चलती रही। पिछले करीब तीन महीने से लॉकडाउन के कारण सन्नाटे से घिरे इस रिसॉर्ट में तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। यहां शाम को बारिश भी हुई। पहलगाम स्थित विश्व विख्यात स्वास्य रिसॉर्ट में बुधवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री से. दर्ज किया गया।